उत्तर-प्रदेश में दो समुदायों में संघर्ष के बाद 10 गिरफ्तार
सहारनपुर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले में निर्माणाधीन धर्म-स्थल को गिराने पर दो समुदायों में हुए संघर्ष और आगजनी के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस बल और पीएसी की कंपनियां तैनात की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत मेहरवानी गांव में एक व्यक्ति अपने मकान के नजदीक एक जगह को धर्मस्थल में बदल रहा था। गांव के दूसरे संप्रदाय के लोगों ने उसे तोड़ दिया , इसके बाद दोनों समुदायों में झड़प हो गई जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव किया। इससे क्षेत्राधिकारी (शहर) द्वितीय आर.एस.गौतम और कोतवाली प्रभारी सुशील त्यागी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े।
जैसे ही यह खबर जिले के दूसरे इलाकों में पहुंची तो वहां उग्र भीड़ ने कई अलग-अलग स्थानों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की। क्षेत्राधिकारी आर.एस.गौतम ने आईएएनएस को बताया कि दोनों समुदायों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद सोमवार देर रात 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी की कंपनियां तैनात की गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications