भ्रष्टाचारियों को बाहर का रास्ता दिखाएं : तेजेन्द्र खन्ना
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना ने कहा है कि ऐसे सरकारी अधिकारी जो सही तरीके से अपना कामकाज नहीं कर रहे हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाना चाहिए।
देशभर के महापौरों के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए खन्ना ने कहा, "सरकारी अधिकारियों की दक्षता व उनके कामकाज का मूल्यांकन किया जाना चाहिए। जो लोग इसमें योग्य नहीं पाए जाते हैं, उन्हें स्थानीय निकायों से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसा करना बेहद जरूरी हो गया है।
खन्ना ने कहा, "स्थानीय निकायों के वरिष्ठ अधिकारियों को गंभीरता से इस बात का आकलन करना चाहिए कि भ्रष्ट अधिकारियों का बचाव करके आखिरकार वे किस संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं। अब वह समय आ गया है जब स्थानीय निकायों को नागरिक सेवाओं के मामले में सौ फीसदी गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "स्थानीय निकाय अक्सर कोष की कमी का रोना रोते रहते हैं। कुछ हद तक यह सही हो सकता है लेकिन हमें यह समीक्षा करनी चाहिए कि क्या हम करदाताओं के धन की उचित कीमत चुका पा रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications