ब्रिटिश पुलिस में नस्लवाद के आरोपों की दूसरी जांच शुरू
लंदन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के गृहमंत्री जैकी स्मिथ ने नस्लवाद के आधार पर भेदभाव के आरोपों के बाद दो प्रांतों में पुलिस की भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया की जांच करने का आदेश दिया है।
यह आदेश अश्वेतों और एशियाई पुलिसवालों की एक एसोसिएशन के नस्लवाद के कारण अल्पसंख्यकों से पुलिस में भर्ती नहीं होने का आग्रह करने के बाद आया है।
स्मिथ ने अपने पुलिस मंत्री वेरनन कोकर को इंग्लैंड और वेल्स के पुलिस बल से संबंधित जांच रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर पेश करने को कहा है।
यह कदम लंदन के मेयर बोरिस जानसन के महानगर की पुलिस में नस्लवाद के आरोपों की जांच के आदेश देने के एक दिन बाद उठाया गया है।
लंदन महानगर की अश्वेत पुलिस एसोसिएशन ने सोमवार को घोषणा की थी कि नस्लीय भेदभाव का व्यवहार किए जाने के कारण वे अश्वेतों और एशियाई लोगों को पुलिस में शामिल होने से हतोत्साहित करने के लिए प्रचार अभियान चलाएंगे।
स्मिथ ने कहा कि पुलिस सेवा इसके सभी सदस्यों को उम्र, लिंग, नस्ल और पृष्ठभूमि के भेदभाव के बिना समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए है।
गृहमंत्री के अनुसार पिछले 10 वर्षो में अल्पसंख्यक समुदायों का पुलिस में प्रतिनिधित्व दोगुना हुआ है। बहरहाल उन्होंने स्वीकार किया कि इस दिशा में अभी काफी अधिक काम किया जाना बाकी है।
गौरतलब है कि लंदन पुलिस पर नस्लवाद के आरोप पहले भी लगते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications