थाईलैंड में प्रदर्शनकारियों ने संसद को घेरा, प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से भागे
बैंकाक, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। थाईलैंड में मंगलवार को उस समय अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब हजारों प्रदर्शनकारियों ने संसद की घेराबंदी कर दी। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री को संसद परिसर से निकलने के लिए हेलीकाप्टर का सहारा लेना पड़ा।
पीपुल्स एलायंस फॉर डेमोक्रेसी (पीएडी) के हजारों समर्थकों ने मंगलवार तड़के से ही संसद को घेर लिया था। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस कार्रवाई में लगभग 70 लोग घायल भी हुए।
पीएडी के एक प्रमुख नेता सोंथी लिमथोंगकुल ने बताया, "हम चाहते हैं कि शाम छह बजे तक संसद को भंग कर दिया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो हम सरकार के विरूद्ध कड़े कदम उठाएंगे।"
प्रदर्शनकारियों के विरूद्ध पुलिस की कार्रवाई को पीएडी ने बर्बर घटना करार दिया। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रबर की गोली चलाई। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications