मध्यप्रदेश में शुरू होगी फारेस्ट हेल्पलाइन
भोपाल, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में वन और वन्य प्राणियों से जुड़ी घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग आम आदमी का सहयोग हासिल करने के लिए फारेस्ट हेल्पलाइन सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। इस सुविधा के तहत दूरभाष पर सूचना दी जा सकेगी जिस पर त्वरित कार्रवाई होगी।
वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन पर अपर मुख्य सचिव प्रशांत मेहता ने वन विभाग द्वारा वन और वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए, युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वह वन्य प्राणी संरक्षण के प्रयासों में संदेश वाहक की भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि जल्दी ही फारेस्ट हेल्प लाइन शुरू कर दी जाएगी।
मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक डॉ़ एच़ एस़ पावला ने समाज में बढ़ती आवश्यकता को सीमित करने का सुझाव देते हुए कहा कि आज जरूरत है कि ऊर्जा के वैकल्पिक साधनों का उपयोग किया जाए। अगर ऐसा होता है तो वन क्षेत्रों पर दबाव कम होने के साथ ही वन्य प्राणियों का संरक्षण और विकास हो सकेगा।
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत जागृति लाने के मकसद से कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसके विजेताओं को समापन अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications