स्पेशल एयर सर्विस की मदद लेगा ईसीबी
लंदन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अपनी क्रिकेट टीम को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए ब्रिटेन की वायु सेना की विशेष टुकड़ी 'स्पेशल एयर सर्विस' (एसएएस) के जवानों की मदद लेने का फैसला किया है।
अगले 12 महीनों तक इंग्लैंड टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। इस दौरान उसे भारत, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। इसके लिए खिलाड़ियों का फिट रहना बहुत जरूरी है। यही कारण है कि ईसीबी ने अपने खिलाड़ियों के लिए एसएएस जवानों की मदद लेने का फैसला किया है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द इंडिपेंडेंट' के मुताबिक इंग्लैंड के व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत एंटिगा में सर एलेन स्टैनफोर्ड एकादश के साथ होने वाले ट्वेंटी-20 मुकाबले से होगी। इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी ल्यूक राइट ने कहा, "एसएएस जवान हमें बताएंगे कि मैच के अलावा बाकी चीजों का सामना कैसे करना है।"
ईसीबी के अध्यक्ष जाइल्स क्लार्क ने आशा जताई कि एसएएस जवानों के साथ कुछ समय बिताकर उनके खिलाड़ी खुद को पहले से अधिक फिट और सक्षम महसूस करेंगे। उन्होंने कहा, "आज की तारीख में फिट रहना खेल जितना ही जरूरी है। आशा है कि सेना के जवान हमारे खिलाड़ियों को कुछ खास सिखा सकेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications