अमर सिंह देश से माफी मांगें : भाजपा
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह के उस बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें उन्होंने जामिया नगर में हुई पुलिस मुठभेड़ पर आशंका जताई थी। पार्टी ने अमर सिंह से उनके इस बयान के लिए देश से माफी मांगने को कहा है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "अमर सिंह का यह बयान गैर जिम्मेदाराना, शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी उनके इस बयान की भर्त्सना करती है। इस प्रकार का बयान देकर उन्होंने दिल्ली पुलिस के जवान मोहन चंद्र शर्मा के बलिदान पर भी सवाल उठाए हैं।"
उन्होंने कहा, "यह वोट बैंक की घिनौनी और निष्ठुर राजनीति है। सबसे दुखद पहलू तो यह है कि अमर सिंह ने स्वर्गीय शर्मा की बहादुरी और देश सेवा के जज्बे को सलाम करते हुए उनके परिजनों को दस लाख का चेक भी भेजा था।"
उन्होंने कहा, "अमर सिंह ने यह बयान देकर न सिर्फ एक बहादुर अधिकारी के बलिदान पर संदेह व्यक्त किया है, बल्कि उन्होंने आतंकवादियों और उनके आकाओं के मनोबल को बढ़ाने और सुरक्षा बलों के मनोबल को गिराने का प्रयास भी किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications