अब गुजरात की जमीं से सफर शुरू करेगी नैनो (लीड-1)
अहमदाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के सिंगुर में राजनीतिक विरोधों के चलते महत्वाकांक्षी परियोजना नैनो के सफर के खात्मे की घोषणा करने वाले टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा की यह लखटकिया कार अब गुजरात की जमीं से सफर तय करेगी।
इस बारे में रतन टाटा ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गुजरात के गांधीनगर में घोषणा की। परियोजना के लिए अहमदाबाद से करीब 30 किलोमीटर दूर साणंद में 1100 एकड़ जमीन मुहैया करवाई जाएगी।
मोदी के मुख्यमंत्री के रूप में सात साल पूरा करने के मौके पर मंगलवार को टाटा मोटर्स और गुजरात सरकार के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर हस्ताक्षर के लिए बने स्टेज के पीछे 'वेलकम नैनो' का बैनर लगा था।
मोदी ने कहा, "मैं नैनो परियोजना को गुजरात में केवल निवेश के रूप में नहीं देखता हूं। मैं इसे गुजरात और टाटा मोटर्स के बीच साझेदारी के रूप में देखता हूं। एक ऐसी साझेदारी जो हमारी सरकार के विकास की दिशा को तय करेगी।"
उन्होंने कहा, "मैं रतन टाटा और टाटा मोटर्स का नए घर में व अपने राज्य की प्रगति में स्वागत करता हूं। मैं चाहता था कि नैनो परियोजना भारत में रहे चाहे वह किसी भी राज्य में लगे। मैं खुश हूं कि उन्होंने गुजरात को चुना है।"
इस मौके पर टाटा ने कहा कि यह टाटा मोटर्स के लिए खुशियों भरा विशेष दिन है।
टाटा ने कहा, "हमारा अनुभव कुछ खराब रहा है। लेकिन बहुत जल्दी हमारे पास नया घर है। मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के सात वर्ष पूरे किए जाने के मौके पर यह नया समझौता विशेष हो जाता है।"
उन्होंने कहा, "हम गुजरात के एक अच्छे कारपोरेट नागरिक होंगे। हम गुजरात की हर चीज के प्रति सचेत रहेंगे और यहां की जनता का जीवन बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications