फ्रॉड भी हो सकता है एनआरआई दूल्‍हा

जी हां हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आये हैं, इसीलिये छत्तीसगढ़ सरकार ने उन परिवारों को सावधान किया है जो अपनी बेटियों की शादी अनिवासी भारतीयों से करने का मन बना रहे हैं।
सरकार ने ऐसे परिवारों से कहा कि वे अनिवासी भारतीयों से अपनी बेटी की शादी करने से पहले अच्छी तरह से लड़के के बारे में जांच पड़ताल कर लें।
राज्य के महिला व बाल विकास विभाग ने इस संबंध में एक शासनादेश भी जारी किया है। सभी जिलाधिकारियों को भेजे गए इस आदेश में कहा गया है कि अनिवासी भारतीयों से शादी करने के फर्जी मामलों की शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसी घटनाओं के मद्देनजर सभी परिवारों को सावधान किया जाना चाहिए कि वे अपनी बेटियों की शादी अनिवासी भारतीयों से करने के पहले पूरी तरह जांच पड़ताल कर लें।
एनजीओ का सहयोग भी
एनआरआई दूल्हों से सावधान करने के इस काम में सरकार अकेले नहीं है। सरकार अपने साथ गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) को भी जोड़ने की योजना में है। इस आदेश में जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे इस संबंध में लोगों को जागरूक करें। इसके लिए वे विभिन्न स्वसहायता समूहों व गैरसरकारी संगठनों की सहायता से प्रचार-प्रसार के माध्यमों का इस्तेमाल करें और जागरूकता अभियान चलाएं।
आदेश में कहा गया है, चूंकि शादी करने वाले दूल्हे देश के बाहर के होते हैं इसलिए पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने की उम्मीद कम ही होती है। कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें आज तक न्याया नहीं मिल सका।


Click it and Unblock the Notifications