उप्र में देवी दुर्गा को हाथी की सवारी कराने पर मामला दर्ज
जौनपुर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में देवी दुर्गा का वाहन शेर की बजाय हाथी बनाने से विवाद खड़ा होने पर न्यायालय ने सोमवार को संबंधित दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आर. के. सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, संरक्षक महेंद्र सोनकर और देवी दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण करने वाले बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के नेता और नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
उल्लेखनीय है कि शहर के फूलवाली गली में देवी दुर्गा को हाथी पर विराजमान करने से नाराज स्थानीय लोगों ने एक दिन पूर्व कड़ा ऐतराज जताया था। हाथी राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी बसपा का चुनाव चिन्ह है और प्रतिमा का अनावरण भी एक बसपा नेता ने किया है।
इस बाबत अधिवक्ता अवधेश प्रताप ने जिला न्यायालय में एक याचिका दायर की थी, जिसमें कहा गया था कि धर्म के साथ राजनीति नहीं की जानी चाहिए। हाथी बसपा का चुनाव चिन्ह है, इसलिए आयोजकों ने देवी दुर्गा को हाथी पर सवार कराया है।
शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "अभी तक अदालत की ओर से कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications