आतंकी ई-मेल की गुत्थी सुलझी, इंडियन मुजाहिदीन के 20 संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार (लीड-2)
मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने अहमदाबाद और दिल्ली में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के सिलसिले में अब तक इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के 20 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से चार सॉफ्टवेयर पेशेवर हैं। दावा किया गया है कि इनकी गिरफ्तारी से आतंकी ई-मेल की गुत्थी सुलझा ली गई है।
इन सभी के बारे में कहा गया है कि अहमदाबाद और दिल्ली में हुए विस्फोटों से ठीक पहले इन्हीं लोगों ने धमकी भरे ई-मेल भेजे थे। तीनों मेल मुंबई के सानपाडा, मातुंगा स्थित खालसा कॉलेज और चेंबुर स्थित एक निजी कंपनी से वाई-फाई कनेक्शन की सहायता से भेजे गए थे।
मुंबई पुलिस के आयुक्त हसन गफूर ने सोमवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये सभी गिरफ्तारियां 10 दिनों के अंदर हुई हैं। सॉफ्टवेयर पेशेवरों की गिरफ्तारी रविवार को हुई।
गफूर ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से की गई पूछताछ से पता चला कि ये सभी मुंबई में नवरात्रि में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर पेशेवरों ने बम विस्फोटों से पहले तीन धमकी भरे ई-मेल भेजे थे।
गफूर ने कहा कि गिरफ्तार लोगों में 10 ने अहमदाबाद और सूरत में बम रखे थे। उन्होंने कहा कि ये सभी कर्नाटक से पुणे और सूरत आए और फिर अहमदाबाद गए। अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों में 57 लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हुए थे।
गिरफ्तार लोगों में मोहम्मद मंसूर असगर पीरभोए शामिल हैं, जो कि कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में नौकरी कर चुका है। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए मोबिन कादिर शेख और आसिफ बशीरुद्दीन भी सॉफ्टवेयर का जानकार हैं।
गिरफ्तार लोगों ने बताया कि देश में वर्ष 2005 से अब तक हुए बम विस्फोटों में भी इन सभी का हाथ था। मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) राकेश मारिया ने कहा कि इन सभी को उत्तरप्रदेश के आजमगढ़, पुणे, मैंगलोर और कोच्ची से गिरफ्तार किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications