घाटी में जुलूस से पहले 1 और अलगाववादी नेता गिरफ्तार (लीड-1)
श्रीनगर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में जारी बेमियादी कर्फ्यू के दूसरे दिन सोमवार को अलगाववादियों के प्रस्तावित जुलूस से पहले जमीत-ए-अहले हदीस के प्रमुख मौलाना शौकत अहमद शाह को गिरफ्तार कर लिया गया।
शाह इस जुलूस का आह्वान करने वाली हुर्रियत कांफ्रेंस के दोनों धड़ों वाली समन्वय समिति के सदस्य हैं। 23 सितंबर को एक अज्ञात हमलावर ने शाह के लाल बाजार स्थित मकान पर ग्रेनेड विस्फोट किया था। इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ था। विस्फोट की वजह से शाह के मकान की खिड़कियों के शीशे चटक गए थे।
हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के प्रमुख सैयद अली शाह गिलानी को छोड़कर घाटी के तकरीबन सभी अलगाववादी नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। गिलानी स्थानीय अस्पताल में भर्ती हैं।
कर्फ्यू के उल्लंघन की कोई खबर नहीं होने के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "कर्फ्यू में आज कोई ढील नहीं दी जाएगी। स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है।"
श्रीनगर के सभी प्रवेश मार्ग सील कर दिए गए हैं और वहां पुलिस तथा अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान तैनात हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "निषेधाज्ञा लागू कराने के लिए हमने कुछ स्थानों पर राष्ट्रीय राइफल्स की भी मदद ली है।"
अलगाववादियों ने इससे पहले 25 सितंबर को भी इसी तरह के जुलूस का आह्वान किया था, लेकिन प्रशासन के रुख की वजह से संभव नहीं हो सका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications