बिहार बाढ़ : पीड़ितों के पुनर्वास में गुजरात के विशेषज्ञ करेंगे मदद
पटना, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए बिहार सरकार द्वारा बनाई जा रही रणनीति में गुजरात के विशेषज्ञों की एक टीम मदद करेगी। यह टीम मंगलवार को बिहार पहुंचेगी।
यह टीम वर्ष 2001 में गुजरात भूकंप के बाद किए गए पुनर्वास कार्य की तर्ज पर ही बिहार में पुनर्वास की रूपरेखा तैयार करेगी। इस टीम में वही अधिकारी हैं जो गुजरात भूकंप के बाद चलाए गए पुनर्वास कार्य में शामिल थे।
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि टीम राज्य के पांच जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 10 दिनों तक रहेगी और वहां जमीनी हालातों और पुनर्वास के लिए रणनीति के बारे में अध्ययन करेगी।
यह टीम बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बीआईपीएआरडी) के एक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति भी देगी।
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सुनामी और गुजरात भूकंप के बाद हुए पुनर्वास कार्य की तर्ज पर ही बिहार में भी बाढ़ पीड़ितों के लिए पुनर्वास की योजना है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में आई बाढ़ से 191 (सरकारी आंकड़ा) लोगों की मौत हो गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications