मध्यप्रदेश में मंत्री पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज
भोपाल, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के हरदा में मार्च में हुई फायरिंग के मामले में प्रदेश के राजस्व मंत्री कमल पटेल के पुत्र सुदीप पटेल सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस गोलीबारी में दुर्गेश जाट नामक युवक घायल हुआ था और उसके बाद से ही वह लापता है।
हरदा जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत देवतालाब इलाके में रहने वाले कांग्रेस नेता राजेंद्र पटेल के घर पर पांच मार्च को मंत्री पुत्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। इसमें दोनों पक्षों की ओर से गोलियां भी चली थीं। मंत्री पुत्र का साथी दुर्गेश जाट इसमें घायल हुआ था। गोली लगने के बाद से ही दुर्गेश का कोई पता नहीं है। इसी आधार पर दुर्गेश के पिता रामविलास जाट ने जबलपुर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है। इस याचिका की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने हरदा पुलिस और तत्कालीन अधिकारियों को नोटिस जारी कर 14 अक्टूबर को जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
माना जा रहा है कि न्यायालय के इसी आदेश के बाद पुलिस की नींद उड़ी हुई है और उसने आनन फानन में राजेंद्र पटेल के खिलाफ हत्या और मंत्री पुत्र सुदीप पटेल सहित अरुण जाट, दीपक, मनोज कुशवाहा आदि के खिलाफ साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज किया है।
होशंगाबाद के पुलिस उप महानिरीक्षक बी़ बी़ शर्मा ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया कि इस पूरे प्रकरण पर हरदा के पुलिस अधीक्षक क़े पी़ वेंकटेश्वर राव नजर रखे हुए हैं। इस संदर्भ में राव से संपर्क किया गया तो उन्होंने प्रकरण क्या है और पुलिस ने क्या कार्रवाई की है इसे बताने से साफ इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications