जमा खातों पर गारंटी देगी जर्मन सरकार
बर्लिन, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। जर्मन सरकार ने तमाम निजी जमा खातों के लिए गारंटी देने की घोषणा की है। पश्चिमी देशों के बैंकों की खास्ता माली हालत की वजह से संकट में पड़े जर्मन बैंकों के प्रति भरोसा बरकरार रखने के लिए यह कदम उठाना पड़ा।
इस घोषणा के मुताबिक निजी चालू खाता पर असीमित गारंटी के अलावा जर्मनी के बैंकों में बचत खाता और अवधि जमा पर प्रति व्यक्ति 20,000 यूरो तक की गारंटी दी जाएगी।
जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल ने कहा, "हम जर्मनी की महिलाओं और पुरुषों से कह रहे हैं कि उनकी जमा राशि सुरक्षित है।" मार्केल ने यह घोषणा केंद्रीय बैंक और वित्त नियामक संस्थानों के साथ आपात बैठक के बाद रविवार को की।
जर्मनी के वित्त मंत्री पीयर स्टेनब्रूक ने कहा, "मैं जोर देकर कहता हूं कि जर्मनी में महिलाओं और पुरुषों के बैंकों के खाते में जमा धन राशि में से एक यूरो का भी नुकसान नहीं होगा।"
गौरतलब है कि वैश्विक वित्तीय संकट के असर से मकानों के लिए कर्ज देनेवाली जर्मनी की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी 'हाइपो रीयल एस्टेट' (एचआरई) दिवालिया होने के कगार पर है। इसे बचाने की कोशिशें भी की गईं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है।
जर्मनी के वित्त मंत्रालय ने रविवार को कहा कि संकट में पड़ी एचआरई को वित्तीय राहत पहुंचाने की कोशिश नए सिरे से की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications