'सोच समझ कर करें अनिवासी भारतीय से बेटी की शादी'
रायपुर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने उन परिवारों को सावधान किया है जो अपनी बेटियों की शादी अनिवासी भारतीयों से करने की सोच रखते हों। सरकार ने ऐसे परिवारों से कहा कि वे अनिवासी भारतीयों से अपनी बेटी की शादी करने से पहले अच्छी तरह से लड़के के बारे में जांच पड़ताल कर लें।
राज्य के महिला व बाल विकास विभाग द्वारा इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है। सभी जिलाधिकारियों को भेजे गए इस आदेश में कहा गया है, "अनिवासी भारतीयों से शादी करने के फर्जी मामलों की शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसी घटनाओं के मद्देनजर सभी परिवारों को सावधान किया जाना चाहिए कि वे अपनी बेटियों की शादी अनिवासी भारतीयों से करने के पहले पूरी तरह जांच पड़ताल कर लें।"
पिछले सप्ताह जारी किए गए इस आदेश में जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे इस संबंध में लोगों को जागरूक करें। इसके लिए वे विभिन्न स्वसहायता समूहों व गैरसरकारी संगठनों की सहायता से प्रचार-प्रसार के माध्यमों का इस्तेमाल करें और जागरूकता अभियान चलाएं।
आदेश में कहा गया है, "चूंकि शादी करने वाले दूल्हे देश के बाहर के होते हैं इसलिए पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने की उम्मीद कम ही होती है।"
अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों की बढ़ती शिकायतों के बाद राज्य सरकार की ओर से यह कदम उठाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications