बांग्लादेश में भी दुर्गापूजा की धूम
ढाका, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में इन दिनों दुर्गापूजा की धूम मची हुई है। राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में पूजा पंडालों की संख्या में वृद्धि को यहां बेहतर धार्मिक सद्भाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदू नेता और अवकाश प्राप्त मेजर जनरल सी. आर. दत्ता ने बताया कि देश में इस वर्ष दुर्गापूजा में 22 हजार पंडाल लगाए हैं। अकेले राजधानी ढाका में ही 165 पूजा पंडाल मौजूद हैं।
दत्ता दुर्गापूजा से जुड़े संगठन 'बांग्लादेश पूजा उद्जापन परिषद' के सलाहकार भी हैं। उन्होंने रविवार को सरकार के समक्ष मीडिया के जरिए कई मांगें रखीं, जिनमें दुर्गापूजा का प्रांतीय स्तर पर आयोजन और उत्सव के दौरान चार दिनों का अवकाश शामिल है।
परिषद के नेताओं ने ढाका स्थित ऐतिहासिक 'ढाकेश्वरी मंदिर' में संवाददताओं को इस संबंध में जानकारी दी। परिषद के महासचिव सत्येन्द्र चंद्र ने कहा कि आधुनिक लोकतांत्रिक देश में सभी धर्मो के लोगों को समान अधिकार मिलने चाहिए।
गौरतलब है कि मुस्लिम बहुल बांग्लादेश में वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार 1.13 करोड़ हिंदू हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications