बीएनपी पारिबास 14.5 अरब यूरो में करेगा फोर्टिस का अधिग्रहण
पेरिस, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। वित्तीय संकट में पड़ी बेल्जियम और लक्जमबर्ग स्थित बैंकिंग कंपनी 'फोर्टिस' के अधिग्रहण के लिए फ्रांसीसी बैंक 'बीएनपी पारिबास' 14.5 अरब यूरो चुकाएगा।
बीएनपी पारिबास ने सोमवार को कहा कि प्रस्तावित सौदे में नौ अरब यूरो के शेयर और 5.5 अरब यूरो नकदी शामिल हैं।
इस सौदे के तहत बीएनपी पारिबास बेल्जियम की सरकार से फोर्टिस की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी और लक्जमबर्ग से 16 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा। इससे लक्जमबर्ग की फोर्टिस में बीएनपी की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत हो जाएगी।
गौरतलब है कि बेल्जियम और लक्जमबर्ग स्थित फोर्टिस की शाखाओं में 239 अरब यूरो की जमा राशि है। इसके अधिग्रहण से बीएनपी पारिबास इन दोनों देशों का प्रमुख बैंक बन जाएगा, जबकि पूरे यूरो क्षेत्र में यह सबसे ज्यादा जमा राशि वाला बैंक होगा।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक प्रस्तावित सौदे के पहले चरण के तहत बेल्जियम सरकार ने वहां फोर्टिस के कारोबार की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है।
इसके अलावा नीदलैंड सरकार ने वहां फोर्टिस के तमाम बैंकिंग और बीमा कारोबार का अधिग्रहण कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications