सीआरआर में कटौती, ऋण सस्ते होने के आसार (लीड-1)
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। वित्तीय क्षेत्र की सेहत में सुधार लाने के उद्देश्य से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में आधा फीसदी की कटौती कर दी।
अब सीआरआर की दर नौ फीसदी से घटकर साढ़े आठ फीसदी हो जाएगी। परिवर्तित दर 11 अक्टूबर से प्रभावी होगी।
केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा, "वैश्विक और घरेलू स्थितियों को देखते हुए किए गए तरलता की वर्तमान स्थिति के मूल्यांकन के बाद यह फैसला लिया गया।"
केंद्रीय बैंक के इस फैसले से वित्तीय कंपनियों के पास ऋण देने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त उपलब्ध होंगे।
बयान में कहा गया है, "यह कदम अस्थाई है और तरलता की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर इसका मूल्यांकन किया जाता रहेगा।"
आरबीआई ने वैश्विक वित्तीय संकट को देखते हुए घरेलू बाजार पर दबाव को कम करने के लिए 16 सितंबर को कुछ कदमों की घोषणा की थी।
बयान के मुताबिक तब से लेकर अब तक वैश्विक वित्तीय बाजार की स्थिति और खराब हुई है और दुनिया के शेयर बाजार कमजोर हुए हैं।
केंद्रीय बैंक के इस फैसले का स्वागत करते हुए एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन दीपक पारेख ने कहा कि यह बहुत जरूरी था और सही समय पर उठाया गया कदम है।
उन्होंने कहा, "कम से कम यह शुरुआत है। हमें तरलता की जरूरत थी और रिजर्व बैंक का रुख सकारात्मक रहा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications