श्रीलंका में विस्फोट में 22 मरे, 50 से ज्यादा घायल (लीड-2)
पी. करूणाकरन
पी. करूणाकरन
कोलंबो, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के उत्तर-मध्य हिस्से के अनुराधापुरा कस्बे में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के संदिग्ध आत्मघाती हमलावर द्वारा सोमवार को किए गए धमाके में मुख्य विपक्षी दल यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) के दो प्रमुख सदस्यों समेत कम से कम 22 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा घायल हो गए।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय नानायक्कारा ने बताया कि आत्मघाती हमला सुबह करीब 8.45 बजे अनुराधापुरा के एक बस अड्डे के निकट यूएनपी के एक समारोह में हुआ। विस्फोट पर मौके पर मारे गए लोगों में सेना का एक सेवानिवृत्त मेजर जनरल शामिल है।
ब्रिगेडियर नानायक्कारा ने आईएएनएस को बताया, "आत्मघाती हमले में सेवानिवृत्त मेजर जनरल जनक परेरा, उनकी पत्नी और अनुराधापुरा में यूएनपी के आयोजक जॉन पुली और उनकी पत्नी समते 22 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा घायल हो गए।"
घायलों को अनुराधापुरा में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
परेरा ने उत्तर मध्य प्रांत के लिए प्रांतीय परिषद के पिछले महीने संपन्न चुनावों में हिस्सा लिया था और परिषद में विपक्ष के नेता बन गए थे।
यूएनपी की ओर से कोलंबो में कहा गया है कि यह हमला अनुराधापुरा में पार्टी का नया कार्यालय खोलने के लिए आयोजित समारोह के दौरान हुआ। विद्रोहियों ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications