कश्मीर में युवाओं ने फूंका जरदारी का पुतला
श्रीनगर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बारामुला में युवाओं ने कर्फ्यू की परवाह किए बगैर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का पुतला जलाया।
अधिकारियों के मुताबिक उत्तरी कश्मीर के इस शहर में सोमवार की दोपहर युवाओं का एक समूह जरदारी के खिलाफ नारेबाजी करता हुआ सड़कों पर उतर आया। बाद में युवाओं ने जरदारी का पुतला दहन किया।
जरदारी ने 'वाल स्ट्रीट जर्नल' से एक साक्षात्कार में कश्मीर के अलगाववादियों को आतंकवादी कहा था, जबकि पाकिस्तान पूर्व में उन्हें स्वतंत्रता सेनानी कहता रहा है।
उल्लेखनीय है कि अलगावादियों द्वारा लाल चौक की ओर कूच करने के प्रयासों के मद्देनजर पूरे घाटी क्षेत्र में रविवार को कर्फ्यू लगा दिया गया था। इस दौरान जमीयत-ए-अहले हदीस के प्रमुख मौलाना शौकत अहमद शाह और जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के अध्यक्ष यासीन मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू लागू होने के बाद अभी तक कहीं से भी हिंसा की कोई खबर नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications