उड़ीसा में स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या के मामले में 2 गिरफ्तार (लीड-1)
भुवनेश्वर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या के मामले में सोमवार को दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। लक्ष्मणानंद की 23 अगस्त को हत्या कर दी गई थी। इस कारण राज्य में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक अरुण कुमार राय ने आईएएनएस को बताया, "हमने दो लोगों को बंदूकों और नकाबों के साथ गिरफ्तार किया है। इन बंदूकों और नकाबों का प्रयोग लक्ष्मणानंद की हत्या के लिए किया गया था।"
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लोगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने एक अन्य को हिरासत में लिया है और शीघ्र ही कुछ और लोगों को पकड़ा जाएगा। इन लोगों को विभिन्न जगहों से गिरफ्तार किया गया।
इस बीच सोमवार को पुलिस ने कंधमाल जिले में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल 40 लोगों को हिरासत में लिया। राज्य में भड़की हिंसा में अब तक 35 लोग शिकार हो चुके हैं।
गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल अब तक एक हजार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से केवल कंधमाल में पांच सौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अधिकतर लोग हिंदू संगठनों से संबंध रखने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।