अब तक इंडियन मुजाहिदिन के 20 सदस्य गिरफ्तार : मुंबई पुलिस
मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद, सूरत और देश के अन्य हिस्सों में हुए बम विस्फोटों के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने अब तक इंडियन मुजाहिदीन के 20 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
मुंबई के पुलिस आयुक्त हसन गफूर ने सोमवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर पेशेवरों ने बम विस्फोटों से पहले तीन धमकी भरे ई-मेल भेजे थे।
गफूर ने कहा कि गिरफ्तार लोगों में 10 ने अहमदाबाद और सूरत में बम रखे थे। उन्होंने कहा कि ये सभी कर्नाटक से पुणे और सूरत आए और फिर अहमदाबाद गए। अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों में 57 लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हुए थे।
गिरफ्तार लोगों में मोहम्मद मंसूर असगर पीरभोए शामिल हैं, जो कि कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम कर चुका है। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए मोबिन कादिर शेख और आसिफ बशीरुद्दीन भी सॉफ्टवेयर जानकार है।
इन सभी के बारे में कहा गया है कि अहमदाबाद और दिल्ली में हुए विस्फोटों से ठीक पहले इन्हीं लोगों ने धमकी भरे ई-मेल भेजे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications