शक्ति कपूर के बेटे सहित रेव पार्टी में शामिल 240 लोग हिरासत में (लीड-1)
मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर सहित 240 युवाओं को सोमवार सुबह मुंबई पुलिस ने एक रेव पार्टी के दौरान छापा मारकर हिरासत में लिया। इनमें 38 महिलाएं भी थीं।
इन लोगों का मेडिकल परीक्षण करने और फोरेंसिक जांच के लिए रक्त के नमूने लेने के बाद दोपहर बाद रिहा कर दिया गया।
मुंबई पुलिस उपायुक्त विश्वास नागर-पाटिल ने आईएएनएस को बताया कि मुंबई के जुहू क्षेत्र स्थित 72 डिग्री ईस्ट क्लब में आयोजित एक रेव पार्टी पर पुलिस ने सोमवार तड़के छापा मारकर इन युवकों और युवतियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ भी जब्त किए।
पुलिस ने मादक पदार्थो के आठ विक्रेताओं को भी गिरफ्तार किया है। इनमें एक इजरायली नागरिक एस.एस.सिमोन और एक महिला भी है,जो मौके पर मौजूद थे।
पुलिस ने छापे के दौरान एक्सटेसी की 100 से ज्यादा गोलियां, हेरोइन, एलएसडी और कोकीन जैसे मादक पदार्थ जब्त किए। नागर-पाटिल के अनुसार इन सभी की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
इन सभी युवाओं के रक्त के नमूने जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजी गई है। पाटिल ने कहा कि एक महीने के भीतर इनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी। जिनकी जांच रिपोर्ट पाजिटिव पाई जाएगी, उन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।