राजग के सत्ता में आने पर पोटा लाएंगे आडवाणी

लोकसभा में विपक्ष के नेता आडवाणी ने यहां रामभाऊ महालगी प्रबोधिनी द्वारा "आतंकवाद" विषय पर आयोजित राष्ट्रीय गोष्ठी का उद्घाटन करते हुए कहा कि पोटा कानून को पुन: लागू करने के लिए संसद का विशेष अधिवेशन भी नहीं बुलाना पड़ेगा और हमे आशा है कि कांग्रेस भी 15वीं लोकसभा में पोटा कानून का समर्थन करेगी क्योंकि वह खुद आतंकवाद को रोकने के लिये कड़े कानून की पक्षधर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यपालों के सम्मेलन में आतंकवाद विरोधी कड़े कानून बनाने पर विचार करने की बात कही थी।
दूसरे प्रशासनिक सुधार आयोग ने भी एक कठोर आतंकवाद विरोधी कानून बनाने और उसमें उसके दुरपयोग को रोकने का प्रावधान करने की सिफारिश की थी।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भी हालांकि पोटा को विफल बताया था पर आतंकवाद से निबटने के लिये एक कठोर कानून की आवश्यकता पर बल दिया था।
उन्होंने कहा कि इन सभी का परिणाम कुछ नहीं निकला। उन्होंने कहा कि किसी नये कानून की जरुरत नहीं है। मौजूदा कानूनों को ही सख्ती से लागू करना होगा जो आतंकवाद से लड़ने के लिये पर्याप्त है।
आडवाणी ने आतंकवाद विरोधी संघीय एजेन्सी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे केन्द्र और राज्यों तथा राज्यों में एक दूसरे के बीच खुफिया जानकारी एकत्र करने, उसे एक दूसरे को देने, जांच पड़ताल करने, सजा दिलाने तथा सुरक्षात्मक कार्रवाई की योजना बनाने और उस पर अमल करने में प्रभावी समन्वय बनेगा।


Click it and Unblock the Notifications