'ऋण संकट से मित्तल को 16 अरब पाउंड का घाटा'
लंदन, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के मशहूर उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल वैश्विक ऋण संकट की वजह से सबसे ज्यादा घाटा उठाने वाले ब्रिटिश कारोबारी बन गए हैं।
समाचार पत्र 'संडे टाइम्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक मित्तल ब्रिटेन के 10 ऐसे सबसे धनी हस्तियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने मौजूदा ऋण संकट की वजह से 23 अरब पाउंड का नुकसान उठाया है।
गौरतलब है कि मित्तल ब्रिटेन के सबसे धनी व्यक्ति हैं और दुनिया की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता कंपनी 'आर्सेलर-मित्तल' के प्रमुख हैं। अखबार के मुताबिक वे अब भी अरबों पाउंड की संपत्ति के मालिक हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष चार जून को आर्सेलर-मित्तल में मित्तल के परिजनों की हिस्सेदारी की कीमत 33.24 अरब पाउंड थी, जो शुक्रवार को घटकर 16.63 अरब पाउंड रह गई। मित्तल ने हर घंटे लगभग 60 लाख पाउंड या प्रतिदिन 13.7 करोड़ पाउंड गंवाए।
रिपोर्ट के अनुसार मित्तल को हुए नुकसान की तुलना में ब्रिटेन के अन्य अरबपतियों का नुकसान बहुत कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications