भारत कभी भी पाकिस्तान के लिए खतरा नहीं रहा : जरदारी
न्यूयार्क, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि भारत उनके देश के लिए 'कभी खतरा नहीं रहा' और उन्होंने कश्मीर के विद्रोहियों को 'आतंकवादी' की संज्ञा दी है जिनको इससे पहले पाकिस्तानी सरकारें स्वतंत्रता सेनानी कहा करती थीं।
समाचार पत्र 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए गए एक साक्षात्कार में जरदारी ने कहा, "मैं और हमारी लोकतांत्रिक सरकार विदेशों में भारत के बढ़ते प्रभाव से भयभीत नहीं हैं।"
अमेरिका के भारत के समान परमाणु समझौता करने से अभी इनकार किए जाने के बावजूद जरदारी ने कहा कि भारत-अमेरिका परमाणु समझौते से उनको कोई आपत्ति नहीं है।
जरदारी ने कहा, "दुनिया के सबसे बड़े और सबसे पुराने लोकतंत्र के बीच मित्रता बढ़ने से हमें क्यों ईष्र्या होगी।"
भारत के साथ रिश्ते सुधारने की ओर देखते हुए जरदारी ने कहा कि हमारे जैसे देशों के पास अपने पड़ोसी देशों के साथ व्यापार करने के अलावा कोई अन्य आर्थिक विकल्प नहीं है।
वाल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार जरदारी की कल्पना है कि पाकिस्तान के सीमेंट कारखाने भारत के विशाल आधारभूत ढांचे के निर्माण की आवश्यकता के लिए सामग्री मुहैया कराएं, पाकिस्तानी कपड़ा मिलें भारत की जींस की मांग को पूरा करें और भारतीय बंदरगाहों पर भीड़ कम करने के लिए पाकिस्तान के बंदरगाहों का उपयोग किया जाए।
वाल स्ट्रीट जर्नल ने टिप्पणी की है कि एक देश जो सबसे अधिक खर्च यह दिखाने के प्रयास पर करता है कि वह सैनिक ताकत में अपने पड़ोसी से कम नहीं है, उसके नए राष्ट्रपति का यह एजेंडा भारत के वास्तविक विश्व ताकत बन कर उभरने की उल्लेखनीय स्वीकृति है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications