अपह्रत व्यापारियों की तलाश में मप्र पुलिस राजस्थान रवाना
भोपाल, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुरैना से राजस्थान के करौली जाते समय शनिवार को अपह्रत किए गए चारों व्यापारियों का पुलिस को अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। इन व्यापारियों की तलाश में मुरैना पुलिस का एक दल राजस्थान के लिए रवाना हो चुका है।
मुरैना के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "चारों व्यापारियों की तलाश में मुरैना पुलिस का एक दल करौली गया है।" इस कांड में फिलहाल किसी भी गिरोह का नाम सामने नहीं आया है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर अपहरणकर्ताओं की तलाश कर रही है।
मुरैना से करौली माता के दर्शन करने जा रहे सोनू अग्रवाल, नेमीचंद्र अग्रवाल, टिंकू अग्रवाल और सोभरन शर्मा नाम के चार व्यापारियों का शनिवार को अपहरण कर लिया गया था। इस बाबत करौली के मडराइल थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। अपहरणकर्ताओं ने सोभरन शर्मा के घर फोन कर फिरौती की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications