अभ्यास मैच : आस्ट्रेलिया को 434 रनो का लक्ष्य (लीड-2)
हैदराबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजीव गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे चार दिवसीय अभ्यास मैच के चौथे दिन रविवार को भारतीय बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सामने 434 रनों का लक्ष्य रखा है।
तीसरे दिन के अपने स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए बोर्ड एकादश ने कप्तान युवराज सिंह (113) के शतक और सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर की 93 रनों की सुलझी हुई पारी की बदौलत चार विकेट पर 292 रन बनाकर भोजनकाल के तुरंत बाद अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।
युवराज ने कप्तानी पारी खेलते हुए 143 गेंदों पर सात चौके और इतने ही छक्के लगाए जबकि जाफर ने पहली पारी की नाकामी को भुलाते हुए 159 गेंदों पर 12 चौके जड़े। पहली पारी में युवराज सिर्फ 29 रन बना सके थे। जाफर 19 रन बनाकर आउट हुए थे।
पहली पारी में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा 29 रन पर नाबाद रहे जबकि विराट कोहली ने भी नाबाद रहते हुए 16 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्टुअर्ट क्लार्क ने तीन विकेट लिए। ब्रेट ली को एक विकेट मिला।
अपनी पहली पारी में 455 रन बनाने के बाद बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलिया की पहली पारी 314 रन पर समेट दी थी। पहली पारी के आधार पर उसे 141 रनों की बढ़त मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications