देश में आपातकाल जैसी स्थिति : आडवाणी
बरेली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार व पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार को जतना का आह्वन करते हुए कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनावों में महंगाई और आतंकवाद के मुद्दे पर पूरी तरह से विफल संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को हटाकर सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करें।
बरेली के तुलसी मैदान में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि कांग्रेस राज में आज बिल्कुल आपातकाल जैसी स्थित उत्पन्न हो गई है। उन्होंने जनता से कहा कि वह कांग्रेस को उसी तरह उखाड़ फेंके जैसे आपातकाल के बाद हुए लोकसभा चुनावों में इंदिरा गांधी को उखाड़ फेंका था।
आडवाणी ने याद दिलाते हुए कहा कि उस लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सहित सभी 85 लोकसभा सीटों पर हार गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को आगामी लोकसभा चुनावों में भी उसी सोच को ध्यान में रखकर आतंकवाद और महंगाई के मुद्दे पर सत्ता परिवर्तन करना होगा।
आडवाणी ने कहा कि देश में आतंकवाद चरम स्थिति में पहुंच गया है। आतंकवाद पहले पंजाब फिर जम्मू कश्मीर, फिर पूवरेत्तर राज्यों और अब तो समूचे देश में तेजी से बढ़ रहा है। पोटा खत्म कर दिया गया और संसद पर हमले के षड्यंत्रकारी अफजल गुरु को फांसी पर नहीं चढाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर वास्तव में आतंकवाद रोकना चाहती है तो उसे सभी दलों को विश्वास में लेकर कठोर कदम उठाने चाहिए। आडवाणी ने कहा कि विजय संकल्प रैलियां उनको या पार्टी को विजयी बनाने के लिए नहीं भारत की विजय के लिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications