चीन ने की अमेरिका-ताइवान हथियार सौदे की आलोचना
बीजिंग, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सरकार द्वारा ताइवान को हथियार बेचने का निर्णय लिए जाने की चीन ने तीव्र आलोचना की है।
अमेरिका ने ताइवान को 6.5 अरब डॉलर मूल्य के हथियार बेचने का फैसला लिया है जिसमें पैट्रियट 3 एंटी मिसाइल प्रणाली, अपाचे हेलीकॉप्टर और अन्य उपकरण शामिल हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिउ जिआनचाओ ने कहा कि उनकी सरकार अमेरिका के इस कृत्य का कड़ा विरोध करती है, क्योंकि इसका चीन-अमेरिका संबंधों पर खराब असर पड़ेगा। लिउ ने बताया कि उप विदेश मंत्री हे याफेई ने अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को तलब कर इस बारे में गहरी नाराजगी जताई है।
लिउ ने कहा, "हम अमेरिका को स्पष्ट बता देना चाहते हैं कि दुनिया में सिर्फ एक ही चीन है और ताइवान चीन का ही एक हिस्सा है।"
उल्लेखनीय है कि चीन के लगातार विरोध के बावजूद अमेरिकी सरकार ने गत शुक्रवार को कांग्रेस को इस सौदे के बारे में सूचना दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications