यासीन मलिक गिरफ्तार, कश्मीर में कर्फ्यू (लीड-1)
श्रीनगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट(जेकेएलएफ) के प्रमुख मुहम्मद यासीन मलिक को गिरफ्तार कर पूरी कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
जेकेएलएफ सूत्रों का कहना है कि मलिक को उनके मैसुमा स्थित निवास से शनिवार रात गिरफ्तार किया गया। मलिक शनिवार को ही श्रीनगर के लाल चौक पर सोमवार को प्रस्तावित मार्च की तैयारियों को अंतिम रूप देने गए थे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोडा ने आईएएनएस को बताया कि अपराध दंड संहिता की धारा 144 के तहत पूरे घाटी में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
लाल चौक से जुड़ने वाले सभी रास्तों और श्रीनगर में प्रवेश करने के सभी मार्गों को बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के पूरे इंतजाम किए हैं। पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के जवानों को घाटी के सभी 10 जिलों में तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि हुर्रियत के कट्टरपंथी और नरमपंथी दोनों धड़ों ने छह अक्टूबर को लाल चौक पर जन प्रदर्शन का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications