यूरोप चाहता है भारत विश्व वित्तीय सम्मेलन में शामिल हो : सरकोजी
लंदन, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूरोप के नेताओं ने विश्व की वित्तीय व्यवस्था के पुनर्निर्माण के लिए आयोजित एक आपात सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत को आमंत्रित किया है।
विश्व के वित्तीय संकट पर ब्रिटेन, जर्मनी और इटली के नेताओं के साथ चर्चा के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने शनिवार को इस सम्मेलन के आयोजन का आह्वान किया।
गौरतलब है कि फ्रांस इस समय 27 देशों के यूरोपीय संघ का अध्यक्ष है।
सरकोजी ने कहा कि अगले महीने सम्मेलन के अयोजन की योजना है। इसमें न केवल अग्रणी औद्योगिक देशों के समूह जी-8 वरन भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और मेक्सिको के भी शामिल होने की उम्मीद है।
यूरोपीय संघ की तरफ से सरकोजी ने कहा कि वे चाहते हैं कि सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों को एकजुट होकर एक नई वित्तीय दुनिया बनानी चाहिए जैसा 60 वर्ष पहले बेट्रनवुड्स सम्मेलन में किया गया था।
उन्होंने कहा कि वास्तव में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था के फिर से निर्माण की जरूरत है। उन्होंने घोषणा की कि हम उद्यमशील पूंजीवाद की आधारशिला रखना चाहते हैं, न कि सट्टा पूंजीवाद की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications