उज्जवल है चावला और प्रज्ञान का भविष्य : हसी
सिडनी, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मध्यक्रम की रीढ़ कहे जाने वाले धुरंधर बल्लेबाज माइकल हसी ने भारत के युवा स्पिनर पीयूष चावला और प्रज्ञान ओझा की जमकर तारीफ की है।
भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ हैदराबाद में खेले जा रहे चार दिवसीय अभ्यास मैच के तीसरे दिन शतक लगाकर अपनी टीम को फालोऑन से बचाने वाले हसी ने कहा कि चावला और प्रज्ञान ने साबित कर दिया है कि वे टेस्ट टीम में जगह पाने के हकदार हैं।
हसी ने आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' से बातचीत के दौरान कहा, "अभ्यास मैच में खेल रहे भारत के दोनों स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी की। उनके अंदर जबरदस्त प्रतिभा है। दोनों टेस्ट टीम में जगह पाने के हकदार हैं। दबाव के क्षणों में भी दोनों ने अपनी उम्र से अधिक परिपक्वता दिखाते हुए संयम के साथ गेंदबाजी की।"
यह पूछे जाने पर कि क्या स्पिनरों के खिलाफ आस्ट्रेलियाई टीम की कमजोरी उजागर हो गई है। हसी ने कहा, "ऐसा नहीं है। हमारे बल्लेबाज अगर और थोड़ी देर विकेट पर रहते तो वे स्पिनरों को अच्छी तरह खेल सकते थे। कुल मिलाकर सभी ने अच्छी बल्लेबाजी की। हां, यह जरूर है कि संयम की कमी के कारण उन्होंने अपने विकेट जल्दी गंवाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications