हैती में तूफानों से लगभग 800 मरे
पोर्ट-ऑफ-प्रिंस, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। हैती में अगस्त और सितम्बर माह में आए चार बड़े तूफानों से मरने वालों की संख्या 793 हो गई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अगस्त और सितम्बर माह में चार चक्रवाती तूफानों फे, हाना, आइक और गुस्ताव की वजह से हैती में बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ था।
शनिवार को हैती की नागरिक सुरक्षा निदेशक मेरी अल्टा जीन बैप्टिस्ट के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि इन तूफानों में तकरीबन 300 लोग लापता भी हुए हैं।
गोनेवेस शहर में सबसे अधिक 466 लोग मारे गए। गौरतलब है कि सितम्बर की शुरुआत में हैती प्रशासन की ओर से तूफानों में मरने वालों की संख्या 326 बताई गई थी।
जीन बैप्टिस्ट ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की मदद से बाढ़ प्रभावित इलाकों में चलाए जा रहे जल निकासी अभियान के दौरान सैकड़ों शव बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या में इजाफा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications