इंदौर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया हथियारों का प्रदर्शन
इंदौर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार को बजरंग दल ने शस्त्र पूजन के लिए निकाली अलग-अलग रैलियों में अवैध हथियारों का खुलकर प्रदर्शन किया। रैली में शामिल कुछ लोगों से पुलिस ने हथियार भी बरामद किए, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
बजरंग दल ने राज मुहल्ला स्थित वैष्णव स्कूल में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें शामिल होने के लिए बजरंग दल के 21 प्रखंडों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। इन सभी को रैली की शक्ल में आयोजन स्थल तक पहुंचना था। रैलियों में शामिल सदस्यों के हाथ में बंदूक से लेकर हर तरह के हथियार थे। वे इन्हें लहराते हुए चल रहे थे।
इन रैलियों और शस्त्र प्रदर्शन के संदर्भ में बजरंग दल के संयोजक प्रदीप गौर का कहना है कि शस्त्र पूजन उनका पारंपरिक कार्यक्रम है और इसके लिए वे प्रशासन से अनुमति लेना भी उचित नहीं समझते। उधर, इंदौर के जिलाधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया है कि रैली और हथियार प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी।
पुलिस अधीक्षक आऱ क़े चौधरी ने हथियार धारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। पुलिस के हाथ कुछ हथियार भी लगे है। चौधरी के मुताबिक ये हथियार जिन लोगों के है उनकी पुलिस तलाशी में जुटी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications