डांडिया के कायल हैं शेन बांड
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के क्रिकेट खिलाड़ी शेन बांड डांडिया के कायल हैं। यही कारण है कि इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के दूसरे संस्करण में शिरकत करने पहुंचे बांड इन दिनों जमकर डांडिया का लुत्फ उठा रहे हैं।
दुर्गा पूजा के अवसर पर गुड़गांव के एक शिक्षण संस्थान द्वारा प्रगति मैदान में आयोजित नवरात्रि पार्टी के दौरान बांड ने अपने डांडिया कौशल से लोगों को हैरान कर दिया।
बांड का कहना है कि नृत्य उन्हें बेहद पसंद है और अपने घर पर वे अक्सर इसका लुत्फ लेते हैं। बांड ने कहा, "नृत्य मेरा शौक है। हालांकि शैली अलग होने के कारण डांडिया मुझे कुछ अलग प्रतीत हो रहा है।"
नवरात्रि पार्टी के दौरान बांड ने बॉलीवुड अदाकारा शेफाली जरीवाला के साथ डांडिया का लुत्फ लिया। शुरुआत में तो बांड ने थोड़ी झिझक दिखाई लेकिन बाद में इसका भरपूर आनंद लिया।
बांड ने कहा, "मेरे लिए यह एक शानदार अनुभव है। मैं दूसरे नर्तकों के साथ तालमेल नहीं बना पा रहा था लेकिन इसके बावजूद मुझे बड़ा मजा आया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications