बेंगलुरू में आस्ट्रेलियाई टीम के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के साथ खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट श्रंखला के आगाज के लिए आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम सोमवार को बेंगलुरू पहुंचने वाली है। नौ अक्टूबर से चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए आस्ट्रेलियाई टीम के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आस्ट्रेलियाई टीम को सुरक्षा मुहैया कराने के संबंध में पिछले हफ्ते एक विशेष बैठक बुलाई थी। बैठक में तय किया गया कि मैदान के अंदर और बाहर 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 300 सुरक्षाकर्मी खिलाड़ियों और अंपायरों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
बीसीसीआई के मीडिया संयोजक राजीव शुक्ला के मुताबिक आस्ट्रेलियाई टीम जिस होटल में ठहरेगी उसके आसपास के आधा किलोमीटर का इलाका पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।
भारत पहुंचने के साथ ही आस्ट्रेलियाई टीम को सेना, पुलिस, शार्पशूटरों और व्यक्तिगत सुरक्षागार्डो से लैस बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई गई है।
शुक्ला ने बताया कि आस्ट्रेलियाई टीम एक सप्ताह तक बेंगलुरू में ठहरेगी। इसे देखते हुए बोर्ड ने जयपुर जैसी बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। ऐसी ही व्यवस्था अन्य आयोजन स्थलों पर भी रहेगी।
हैदराबाद में अभ्यास मैच के दौरान भी मेहमान टीम को जबरदस्त सुरक्षा मुहैया कराई गई। आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जब अभ्यास के लिए जाते है तब भी उनके साथ खोजी कुत्ते रहते हैं। आस्ट्रेलिया के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी फ्रैंक डिमासी भारत में आस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य सुरक्षा अधिकारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications