आईसीएल खिताब पर है 'लाहौर बादशाह' की निगाहें
कराची, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक के नेतृत्व में लाहौर बादशाह टीम इस वर्ष इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) खिताब जीतना चाहती है।
पाकिस्तानी टीम में इंजमाम के अलावा इमरान फरहत, तौफीक उमर और तेज गेंदबाज मोहम्मद समी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। आईसीएल के पहले संस्करण में भी इस टीम को खिताब का दावेदार माना जा रहा था लेकिन युवा खिलाड़ियों से लैस भारत की हैदराबाद हीरोज टीम ने उसे हरा दिया था।
शुक्रवार से शुरू हो रहे आईसीएल के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने से पहले इंजमाम ने कहा, "हमारा लक्ष्य इस वर्ष खिताब जीतना है और हम सब यही मन बनाकर जा रहे हैं।"
बादशाह टीम के कोच और पाकिस्तानी टीम के पूर्व विकेटकीपर मोइन खान ने कहा कि उनके खिलाड़ी अच्छी तरह जानते हैं कि इस वर्ष आईसीएल में कड़ा मुकाबला होगा।
बकौल मोइन, "हम जानते हैं कि इस बार मुकाबला काफी कठिन होगा लेकिन हमें इसकी परवाह नहीं क्योंकि हम पेशेवर हैं। हम अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications