भाजपा दिल्ली में अबाध बिजली-पानी आपूर्ति सुनिश्चित करेगी : मल्होत्रा
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार विजय कुमार मल्होत्रा ने रविवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वे राजधानी दिल्ली में बिजली और पानी की अबाध आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।
पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में मल्होत्रा ने कहा, "भाजपा दिल्लीवासियों की जिंदगी को सहज बनाने के लिए सही व उचित दरों पर बिजली व पानी की अबाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।"
मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा शासन में दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने और यहां की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। दिल्ली को ग्रीन सिटी बनाया जाएगा और प्लास्टिक बैग के प्रयोग पर रोक लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा, "दिल्ली विद्युत बोर्ड के निजीकरण के वक्त डिस्कॉम्स द्वारा किए गए वादे ऊर्जा संकट का समाधान के आधार होंगे।"
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी अपराध पर काबू पाएगी और राजधानी में महिलाओं और वृद्धों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications