सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड : पुलिस के हाथ अब भी खाली (लीड-1)
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। टेलीविजन पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मंगलवार रात को कार्यालय से घर लौटते वक्त रहस्यमय परिस्थितियों में उसकी हत्या कर दी गई थी। उधर सौम्या को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उसके साथियों और सहयोगियों ने 'जस्टिस फार सौम्या' अभियान छेड़ दिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। अभी तक हत्या का उद्देश्य भी स्थापित नहीं किया जा सका है। "
पुलिस सुराग हासिल करने के लिए उसके करीबियों से पूछताछ कर रही है।
उधर सौम्या को न्याय दिलाने के लिए अभियान की शुरुआत करते हुए हेडलाइन्स टुडे चैनल के संपादक राहुल कंवल ने कहा, "जब तक सौम्या के हत्यारों का पता नहीं चल जाता तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। जेसिका लाल और प्रियदर्शनी मट्ट को न्याय दिलाने के लिए भी हमने अभियान छेड़ा था। इस बार फिर हमने एक अभियान छेड़ा है। सौम्या बहुत ही मेहनती व प्यारी लड़की थी। दूसरों की मदद के लिए वह सदा खड़ी रहती थी। अब आज हमारी बारी है।"
उन्होंने कहा कि सौम्या को न्याय मिले, इसके लिए एक याचिका तैयार की गई है जिसे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और गृह मंत्री शिवराज पाटिल को सौंपी जाएगी।
सौम्या की शिक्षिका राधिका ने कहा, "सौम्या ईमानदार और निडर पत्रकार थी। आज की हर परिपक्व लड़की उसकी तरह बनना चाहेगी। उसकी मौत ने पुराने जमाने की याद दिला दी जब सुरक्षा नाम की चीज ही नहीं हुआ करती थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications