आस्ट्रेलिया के खिलाफ बिल्कुल नहीं बदला है मेरा रुख : हरभजन
सिडनी, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर हरभजन सिंह ने साफ कर दिया है कि विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके आक्रामक रुख में बिल्कुल बदलाव नहीं आया है।
'फॉक्स स्पोर्ट्स' से बातचीत के दौरान हरभजन ने कहा कि उन्होंने अपनी गलतियों से काफी कुछ सीखा है लेकिन जब देश के लिए खेलने की बारी आती है तो वे आस्ट्रेलिया क्या किसी भी टीम के खिलाफ रियायत बरतने के बारे में नहीं सोचते।
भज्जी ने कहा, "देश के लिए खेलते वक्त मैं सिर्फ जीतने के बारे में सोचता हूं। मैच के दौरान मैं दोस्त बनाने में यकीन नहीं करता। हाल के कुछ वर्षो से आस्ट्रेलिया के खिलाफ हमारी प्रतिद्वंद्विता चरम पर है। ऐसे में मैं व्यक्तिगत तौर पर इस टीम को किसी तरह की रियायत देने के बारे में सोच भी नहीं सकता।"
हरभजन ने जब यह पूछा गया कि क्या आस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी आक्रामकता पहले जैसी ही रहेगी तो उन्होंने कहा, "आप मुझसे विनम्रता की उम्मीद न करें। जीतने के लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूं। मैं क्रिकेट से बेहद प्यार करता हूं और यही कारण है कि मैं खेलते वक्त पूरी तरह खेल में डूब जाता हूं।"
हरभजन ने यह भी कहा कि आज की तारीख में भारतीय टीम ही विश्व क्रिकेट में आस्ट्रेलियाई प्रभुत्व को चुनौती दे सकती है। उन्होंने कहा, "हमारी टीम आस्ट्रेलिया को हराने में सक्षम है। हाल के वर्षो में हमने इसे साबित भी किया है। इस लिहाज से आगामी श्रंखला विश्व चैंपियनों के लिए काफी कठिन होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications