अभ्यास मैच : भोजनकाल तक शेष भारत को 394 रन की बढ़त (लीड-1)
हैदराबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के साथ यहां राजीव गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे चार दिवसीय अभ्यास मैच के चौथे दिन रविवार को भारतीय बोर्ड एकादश ने भोजनकाल तक 394 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
तीसरे दिन के अपने स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए बोर्ड एकादश ने कप्तान युवराज सिंह (113) के शतक और सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर के 93 रनों की बदौलत अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 254 रन बना लिए हैं।
युवराज ने कप्तानी पारी खेलते हुए 143 गेंदों पर सात चौके और इतने ही छक्के लगाए जबकि जाफर ने पहली पारी की नाकामी को भुलाते हुए 159 गेंदों पर 12 चौके जड़े।
पहली पारी में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली भी भारतीय पारी को संवारने में लगे हैं। रोहित जहां 10 रन बनाकर खेल रहे हैं वहीं कोहली तीन रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
रोहित ने अपनी 24 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए हैं। आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्टुअर्ट क्लार्क ने तीन विकेट लिए हैं जबकि एक विकेट ब्रेट ली को मिला है।
अपनी पहली पारी में 455 रन बनाने के बाद बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलिया की पहली पारी 314 रन पर समेट दी थी। पहली पारी के आधार पर उसे 141 रनों की बढ़त मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications