बेनतीजा खत्म हुआ अभ्यास मैच (राउंडअप)
हैदराबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश और आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच यहां राजीव गांधी स्टेडियम में खेला गया चार दिवसीय अभ्यास मैच रविवार को हार-जीत के फैसले के बिना समाप्त हो गया।
मैच के आखिरी दिन बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलिया के सामने 434 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में आस्ट्रेलियाई टीम ने खेल खत्म किए जाने की घोषणा होने तक सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच (5) और मैथ्यू हेडन (14) का विकेट खोकर 127 रन बना लिए थे।
दोनों कप्तानों ने सहमति से जब मैच को बेनतीजा खत्म करने का निर्णय लिया उस समय तक मेहमान कप्तान रिकी पोंटिंग 97 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 58 और उपकप्तान माइकल क्लार्क 70 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 36 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, तीसरे दिन के अपने स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए बोर्ड एकादश ने चौथे दिन कप्तान युवराज सिंह (113) के शतक और सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर की 93 रनों की सुलझी हुई पारी की बदौलत चार विकेट पर 292 रन बनाकर भोजनकाल के तुरंत बाद अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।
इस तरह बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलिया के सामने 434 रनों का लक्ष्य रखा। अपनी पहली पारी में 455 रन बनाने के बाद बोर्ड एकादश ने आस्ट्रेलिया की पहली पारी 314 रन पर समेट दी थी। पहली पारी के आधार पर उसे 141 रनों की बढ़त मिली थी।
दूसरी पारी में युवराज ने 143 गेंदों पर सात चौके और इतने ही छक्के लगाए जबकि जाफर ने पहली पारी की नाकामी को भुलाते हुए 159 गेंदों पर 12 चौके जड़े। पहली पारी में युवराज सिर्फ 29 रन बना सके थे। जाफर 19 रन बनाकर आउट हुए थे।
पहली पारी में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा 29 रन पर नाबाद रहे जबकि विराट कोहली ने भी नाबाद 16 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्टुअर्ट क्लार्क ने तीन विकेट लिए। ब्रेट ली को एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications