अलगाववादियों के मार्च के मद्देनजर कश्मीर घाटी में कर्फ्यू
श्रीनगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। अलगाववादी गुटों द्वारा सोमवार को प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर कश्मीर घाटी में रविवार से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।
शहर के केंद्र में स्थित लाल चौक तक होने वाले इस मार्च का आह्वान अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी और उदारवादी धड़ों द्वारा किया गया है।
रविवार भोर से ही घाटी के सभी 10 जिलों में लाउडस्पीकरों पर यह घोषणा की जाने लगी कि कर्फ्यू लगा दिया गया है और लोग अपने-अपने घरों में रहें। घोषणा में यह भी कहा गया कि जो लोग कर्फ्यू का उल्लंघन करेंगे उनके साथ कड़ाई से पेश आया जाएगा।
राज्य के पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोडा ने आईएएनएस से कहा, "आज सुबह से ही दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और अगले आदेश जारी होने तक यह लागू रहेगी। यह निषेधाज्ञा लोगों की सुरक्षा के लिए जारी की गई है।"
इन आदेशों के लागू होने के बाद एक साथ पांच या अधिक लोगों के जमाव को गैर कानूनी माना जाता है।
इससे पहले शुक्रवार को हुर्रियत कांफ्रेंस के दोनों धड़ों की संयुक्त संयोजन समिति ने 6 अक्टूबर को लाल चौक तक एक भारी मार्च का आह्वान किया था।
समिति ने कहा था कि मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और अगर प्रशासन कर्फ्यू लगाता है तो लोगों को बिना हिंसक हुए उसकी अवज्ञा करनी चाहिए।
स्थिति को देखते हुए सभी 10 जिलों में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की तैनाती कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications