सोमवार को भारत भेजा जाएगा लोढा का शव
लंदन , 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिड़ला कारपोरेशन के प्रमुख राजेंद्र सिंह लोढा का शव सोमवार को भारत भेजा सकता है। लोढा का शुक्रवार को 66 वर्ष की आयु में आकस्मिक देहांत हो गया था।
लोढा अपने छोटे बेटे हर्ष लोढा और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ व्यापारिक बैठकों में शामिल होने लंदन आए थे। हर्ष के मुताबिक संभवत: उनके पिता की मौत दिल का दौर पड़ने से हुई है।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी ने बताया, "लोढा परिवार से किसी ने भी हमसे संपर्क नहीं किया है। शव सोमवार को भारत के लिए रवाना किया जा सकता है।"
गौरतलब है कि लोढा उस समय बड़े विवाद में पड़ गए थे जब बिड़ला कारपोरेशन की पूर्व प्रमुख प्रियंवदा बिड़ला ने एम.पी. बिड़ला समूह की पूरी संपत्ति उनके नाम कर दी थी।
इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और यह अदालत में भी पहुंचा। आखिरकार लोढा बिड़ला कारपोरेशन के प्रमुख बने। वे राष्ट्रीय प्रतिभूति डिपोजेट्री, इंडियन पेट्रोकेमिकल्स कारपोरेशन, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और हेनकल इंडिया के निदेशक मंडल में भी शामिल थे। वे ब्रिटेन स्थित भारतीय विद्या भवन के ट्रस्टी भी थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।