कंधे की चोट के कारण स्वदेश लौटेंगे मैक्गेन
सिडनी, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाज ब्रायस मैक्गेन का भारत दौरा शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने कंधे की चोट से परेशान चल रहे मैक्गेन को स्वदेश बुलाने का फैसला किया है।
'फॉक्स स्पोर्ट्स' के मुताबिक सीए की चयन समिति के प्रमुख एंड्रयू हिलडिच ने शुक्रवार को भारत पहुंचने के बाद मैक्गेन की चोट का व्यक्तिगत तौर पर जायजा लेने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की।
पिछले महीने भारत 'ए' के साथ खेली गई दो मैचों की टेस्ट श्रंखला के दौरान आस्ट्रेलिया 'ए' टीम के सदस्य रहे मैक्गेन के कंधे में चोट लग गई थी। इसके बावजूद उन्हें विशेषज्ञ स्पिनर के तौर पर भारत दौरे के लिए चुना गया लेकिन भारत में 10 दिन बिताने के बाद भी वे पूरी तरह फिट नहीं हो सके।
मैक्गेन की वापसी की घोषणा के बावजूद सीए ने उनके स्थानापन्न के बारे में अब तक फैसला नहीं किया है। बहुत संभावना है कि स्पिन गेंदबाज ब्यू कैसन उनका स्थान ले सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच नौ अक्टूबर से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।