सप्ताहांत में पिट गए शेयर बाजार (राउंडअप)
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजार शुक्रवार को बुरी तरह पिट गए। कारोबार की समाप्ति पर 'सेंसेक्स' में 529 अंक और 'निफ्टी' में 132 अंकों की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजार शुक्रवार को बुरी तरह पिट गए। कारोबार की समाप्ति पर 'सेंसेक्स' में 529 अंक और 'निफ्टी' में 132 अंकों की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
आज बड़ी पूंजी वाली कंपनियों (लार्ज कैप) के शेयरों में बिकवाली का जोर रहा। धातु खंड के शेयरों में तो सात प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। तेल एवं गैस और बैंकों के शेयरों की भी आज खूब बिकवाली हुई।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 156.05 अंक गिरावट के साथ 12,899.62 पर खुला और कारोबार की समाप्ति पर 529.35 अंक यानी 4.02 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 12,526.32 पर बंद हुआ, हालांकि यह 13,055.67 के उच्चतम स्तर और 12,472.61 के न्यूनतम स्तर तक गया।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी आज 132.45 अंक यानी 3.35 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट के साथ 3,804.85 पर बंद हुआ। सुबह यह 2.80 अंक की मामूली बढ़त के साथ 3,953.55 पर खु़लकर 3,804.85 के निम्नतम स्तर और 3,969.55 के उच्चतम स्तर तक गया।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप सूचकांक 146.36 अंक यानी 3.03 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,677.80 पर और स्मालकैप सूचकांक 141.40 अंक यानी 2.52 प्रतिशत गिरावट के साथ 5,465.40 पर बंद हुआ।
आज बीएसई में कुल 679 कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही, जबकि 1,915 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में आज सर्वाधिक गिरावट वाले धातु खंड के शेयर 7.01 प्रतिशत, तेल एवं गैस खंड के शेयर 5.74 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु खंड के शेयर 4.24 प्रतिशत, बैंक खंड के शेयर 3.88 प्रतिशत और प्रौद्योगिकी खंड के शेयर 3.39 प्रतिशत गिरावट दर्शाते हुए बंद हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*