आर्म्सट्रांग ने नहीं दी पुराने नमूने की जांच की इजाजत
न्यूयार्क, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे कठिन साइकिल प्रतियोगिता 'टूर डी फ्रांस' के सात बार के चैंपियन अमेरिकी चालक लांस आर्म्सट्रांग ने फ्रांस की डोपिंग निरोधी संस्था को 1999 के 'टूर डी फ्रांस' रेस के दौरान लिए गए अपने मूत्र के नमूनों की दोबारा जांच की इजाजत नहीं दी है।
अमेरिका के समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' के मुताबिक फ्रांसीसी संस्था जानना चाहती है कि क्या 1999 में लिए गए नमूनों में सचमुच प्रतिबंधित दवा ईपीओ के अंश पाए गए थे। संन्यास के चार वर्ष बाद साइकिल चालन की दुनिया में वापसी की घोषणा करने वाले आर्म्सट्रांग ने कहा, "मैं भला उन्हें अपने नमूनों की जांच की इजाजत क्यों दूं।"
उल्लेखनीय है कि फ्रांस के खेल समाचार पत्र 'ल क्वीपी' ने 2005 में आर्म्सट्रांग पर 1999 की 'टूर डी फ्रांस' रेस के दौरान प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का आरोप लगाया था। समाचार पत्र का दावा है कि 1999 में लिए गए छह नूमनों के आधार पर आर्म्सट्रांग द्वारा ईपीओ के सेवन की पुष्टि होती है।
आर्म्सट्रांग ने बार-बार कहा है कि उन्होंने कभी भी प्रतिबंधित दवाओं का सेवन नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इतने वर्षो तक फ्रांसीसी प्रयोगशाला में रखे रहने के बाद उनके नमूनों के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।