आतंकवाद पर राजनीतिक करने वाले देश के सबसे बड़े दुश्मन : सोनिया
पानीपत, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि जो लोग आतंकवाद के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं, वे देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं और उनसे बच कर रहना चाहिए।
हरियाणा के औद्योगिक शहर पानीपत में गुरुवार को आयोजित कांग्रेस की सामाजिक क्रांति रैली को संबोधित करती हुई सोनिया ने कहा, "देश को आतंकवाद से बहुत बड़ा खतरा पैदा हो गया है। कुछ लोग हैं जो आतंकवाद के मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। ऐसे लोग देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि परमाणु करार और उसकी तकनीक से हमारी ऊर्जा की समस्या का निराकरण हो सकेगा। हम इस करार को आगे बढ़ाएंगे।"
रैली में सोनिया परमाणु करार के बारे में कम और आतंकवाद के मुद्दे पर ज्यादा बोलीं। जबकि परमाणु करार को आज ही अमेरिकी सीनेट की मंजूरी मिली।
हरियाणा सरकार की अनुसूचित जनजाति और गरीबी रेखा के नीचे रहने वालों लोगों के लिए ग्रामीण अंचलों में मुफ्त आवास मुहैया कराए जाने की योजना को ऐतिहासिक बताते हुए सोनिया ने कहा, "समाज के गरीब और कमजोर तबकों की सहायता में ही हमारी सफलता निहित है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भी यही सिद्धांत था।" राज्य सरकार ने गुरुवार को ही इस योजना का शुभारंभ किया।
रैली में मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*